वैभव सूर्यवंशी का लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक, महज 29 गेंदों में 94 रन ठोक दिए
सड़कों पर उतर कर लोगों ने किया प्रदर्शन
कोलकाता। भीषण गर्मी से बेहाल कोलकाता के हरिदेवपुर इलाके में सोमवार रात से ही बिजली गुल होने से नाराज स्थानीय लोगों ने मंगलवार को विरोध प्रदर्शन किया है। सुबह के समय हरिदेवपुर पोस्ट ऑफिस के पास बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतर गए और कोलकाता में बिजली आपूर्ति करने वाली कंपनी कोलकाता इलेक्ट्रिक सप्लाई कारपोरेशन (सीईएससी) के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। स्थानीय निवासी टिंकू मंडल ने बताया कि सोमवार रात 11:30 बजे के करीब बिजली चली गई। उसके बाद से लगातार सीईएससी को फोन किया गया। कई लोगों ने जानकारी दी लेकिन सीईएससी के लोग आए ही नहीं। रात भर गर्मी से हाल बेहाल रहा। एक महिला ने बताया कि वह बीमार हैं और रात को गर्मी की वजह से घर में रहना संभव नहीं हो पाया तो बाहर निकल कर घर के पास एक मंदिर में सोई हुई थीं। इधर लोगों के विरोध प्रदर्शन की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें समझा-बुझाकर सड़क से हटाया। पुलिस की ओर से दबाव बनाए जाने के बाद सीईएससी ने इलाके में दो जनरेटर भेजा है लेकिन वह इलाके में बिजली आपूर्ति के लिए पर्याप्त नहीं है। कंपनी ने इस बारे में आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं बताया है लेकिन सूत्रों ने बताया है कि शार्ट सर्किट की वजह से इलाके का एक ट्रांसफार्मर काम नहीं कर रहा है जिसकी वजह से बिजली आपूर्ति बाधित हुई है। इसे ठीक करने की कोशिश हो रही है।
विद्युत मंत्री ने बुलायी आपात बैठक
महानगर कोलकाता सहित आसपास के इलाकों में प्रचंड गर्मी के बीच रात भर बिजली गुल रहने की घटना को लेकर बिजली मंत्री अरूप विश्वास ने मंगलवार को सीईएससी के अधिकारियों के साथ आपात बैठक की। इस बैठक में बिजली मंत्री ने सीईएससी को निर्देश देते हुए कहा कि जो ट्रांसफार्मर लगे हुए हैं उन्हें और पावरफुल करना होगा। साथ ही उन्होंने कहा कि जिस इलाके में बिजली गुल होती है उस इलाके में सीईएससी को तुरंत जेनरेटर की व्यवस्था कर लोगों को बिजली मुहैया करानी होगी।
सीईएससी की अपील, न करें ओवरलोड
कोलकाता सहित आसपास के इलाकों में बिजली की आपूर्ति करने वाली सीईएससी ने विज्ञप्ति जारी कर लोगों से अपील की है कि वो अधिक मात्रा में बिजली का इस्तेमाल न करें जिसके कारण ओवरलोडिंग और लोडशेडिंग हो। सीईएससी ने लोगों से कम मात्रा में बिजली इस्तेमाल करने की अपील की है ताकि बिजली गुल होने की समस्या से लोगों को निजात मिले।